Ashes: गार्डनिंग में इस्तेमाल करें राख
शहरी जीवन में किचन गार्डनिंग का चलन तेजी से बढ़ रहा है। लोग अपनी बालकनी, छतों या छोटे-छोटे आंगनों में फल, सब्जियां और हर्ब्स उगा रहे हैं। यदि आप भी गार्डनिंग के शौकीन हैं और पौधों की धीमी वृद्धि से परेशान हैं, तो राख की खाद आपके लिए एक किफायती और आसान समाधान हो सकता है। यह तकनीक न केवल पौधों की ग्रोथ को बढ़ावा देती है, बल्कि कम लागत में अच्छा उत्पादन भी सुनिश्चित करती है। नीचे राख की खाद के उपयोग और फायदों को समझाया गया है।
Table of Contents
राख से पौधों की तेज वृद्धि:
गार्डनिंग विशेषज्ञों के अनुसार, लकड़ी या उपले की राख पौधों की वृद्धि को चार गुना तक बढ़ा सकती है। राख में पोटैशियम, फास्फोरस और कैल्शियम जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो जड़ों को मजबूती प्रदान करते हैं और पौधों के समग्र विकास में सहायता करते हैं।
कीटों और फंगस से सुरक्षा:
राख का क्षारीय (एल्कलाइन) स्वभाव और उसकी हल्की गंध कीटों और फंगस को पौधों से दूर रखती है। राख को पानी में घोलकर स्प्रे बनाएं और इसे पौधों की पत्तियों पर छिड़कें। यह कीटों और फंगल रोगों से बचाव का प्रभावी तरीका है।
उपयुक्त राख का चयन:
केवल लकड़ी या गोबर के उपलों की राख का उपयोग करें। अन्य प्रकार की राख (जैसे कोयले की) उपयुक्त नहीं होती। राख को अच्छी तरह छान लें ताकि मोटे टुकड़े, कंकड़ या अन्य अशुद्धियाँ हट जाएं। यदि घर में राख उपलब्ध नहीं है, तो इसे स्थानीय बाज़ार से खरीदा जा सकता है।
राख के उपयोग का सही तरीका:
राख को सीधे पौधों पर डालने के बजाय मिट्टी में अच्छी तरह मिलाएं। छोटे पौधों के लिए 1 चम्मच और बड़े पौधों के लिए 2 चम्मच राख पर्याप्त है। हर 15 दिन में एक बार राख का उपयोग करें। इसे मिट्टी की ऊपरी सतह पर छिड़कें या पौधा रोपते समय मिट्टी में मिलाएं।
किचन गार्डनिंग के लिए आदर्श:
राख की खाद छोटे गमलों, ग्रो बैग्स और छत पर बने किचन गार्डन के लिए आदर्श है। यह तकनीक न केवल किफायती है, बल्कि शहरी किसानों और बागवानों को कम खर्च में बेहतर उपज प्राप्त करने में मदद करती है। -राजवीर कुमार
ध्यान रखने योग्य बातें
- केवल लकड़ी, गोबर के उपले या पत्तों की राख का ही इस्तेमाल करें।
- कोयले या प्लास्टिक की राख का उपयोग न करें।
- ज्यादा मात्रा में राख का इस्तेमाल न करें।
- बीज को अंकुरित करते समय राख का सीधा सम्पर्क न होने दें।
- राख डालने से पहले मिट्टी की प्रकृति जांच लें, क्योंकि अत्यधिक क्षारीय मिट्टी में राख का उपयोग हानिकारक हो सकता है।

































































